UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौ-रक्षक चंद्रशेखर की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि गौ-तस्करों का पीछा करते वक्त एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-मथुरा हाईवे जाम कर दिया और पुलिस के साथ हिंसक झड़प भी हुई।
गौ-तस्करों का पीछा करते समय हुआ हादसा
मृतक चंद्रशेखर के साथियों के अनुसार, वह अपनी बाइक से ट्रक सवार कथित गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे। उन्होंने ट्रक को ओवरटेक कर उसके सामने बाइक खड़ी कर दी। इसी दौरान ट्रक चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही हजारों की भीड़ जमा
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में आग की तरह खबर फैल गई। देखते ही देखते हजारों की भीड़ दिल्ली-मथुरा हाईवे पर जमा हो गई। लोगों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया।
करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़
स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। भीड़ ने पुलिस को खदेड़ दिया और जमकर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इतना ही नहीं, गुस्साई भीड़ ने पुलिस की 5 से 6 गाड़ियों में तोड़फोड़ की और उनके शीशे तोड़ दिए। बवाल के दौरान फायरिंग की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
लाठीचार्ज और आंसू गैस से काबू किए हालात
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को हटाकर हाईवे पर जाम खुलवाया।
पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात है।
CM योगी का सख्त रुख, कार्रवाई के निर्देश
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
पास में मौजूद थीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
घटना के समय जहां बवाल हो रहा था, वहां से करीब 25 किलोमीटर दूर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद थीं। वह गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर रही थीं। इस वजह से प्रशासन और भी ज्यादा सतर्क हो गया।
कोसी और छाता थाना क्षेत्र में तनाव
यह पूरा मामला कोसी और छाता थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).