Ghaziabad Fire: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने सैकड़ों झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। सिलेंडरों में लगातार हो रहे धमाकों ने हालात को और भयावह बना दिया। धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर से देखा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
आग ने ली विकराल रूप, 200 से ज्यादा झुग्गियां खाक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग करीब 200 झुग्गी-झोपड़ियों में फैल गई। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मौके पर 500 तक झुग्गियां थीं, जिनमें से बड़ी संख्या जलकर राख हो गई। वहीं प्रशासन ने फिलहाल 150 से ज्यादा झुग्गियों में आग लगने की पुष्टि की है।
सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी तबाही
घटना के दौरान झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोग अपने घरों का सामान और सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।
22 दमकल गाड़ियां मौके पर, नोएडा से भी मंगाई गई मदद
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। प्रशासन ने आसपास के घरों को एहतियातन खाली करा लिया है।
कबाड़ के काम से जुड़ा था इलाका
डीएम रविन्द्र कुमार के अनुसार, जिस इलाके में आग लगी वहां कबाड़ का काम होता था। काम करने वाले मजदूर वहीं झुग्गियां बनाकर रहते थे। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने कहा है कि अगर किसी के लापता होने की खबर आती है तो सर्वे कराया जाएगा।
फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के समय फायर ब्रिगेड की गाड़ियां काफी देर से पहुंचीं। उनका कहना है कि आग की शुरुआत झुग्गियों से 200-300 मीटर दूर हुई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने के कारण यह तेजी से फैलकर सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले गई।
गाजियाबाद के कनवानी में लगी भीषण आग ने सिर्फ झुग्गियां नहीं जलाईं, बल्कि सिस्टम की सुस्ती को भी बेनकाब कर दिया।
जब आग 200-300 मीटर दूर लगी थी, तब अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो शायद सैकड़ों घर आज राख में नहीं बदलते। लेकिन हमेशा की तरह, कार्रवाई तब शुरू हुई जब नुकसान हो… pic.twitter.com/Jc4daI037y
— Rocket Post Bharat (@rocketpostindia) April 16, 2026
त्रिपाल की छत बनी आग फैलने की बड़ी वजह
झुग्गियों में ज्यादातर छतें त्रिपाल (तिरपाल) से बनी थीं, जो जल्दी आग पकड़ लेती हैं। यही वजह रही कि देखते ही देखते करीब 400 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
आग लगने की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और फायर विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).