UP Accident News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में बस्ती-खलीलाबाद हाईवे किनारे बने एक घर के बाहर बैठे परिवार के चार लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दादा-दादी, एक पोते और एक नाती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक घर में घुस गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर शवों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जबकि चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
घर के बाहर बैठे परिवार को ट्रक ने कुचला
यह हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे बस्ती-खलीलाबाद हाईवे पर जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर कुर्थिया चौराहे के पास हुआ।
मृतकों की पहचान लालजी (62), उनकी पत्नी ज्ञानमती (60), पोते आदर्श (12) और नाती सत्यम (6) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों घर के बाहर टीनशेड के नीचे चारपाई पर बैठे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उन्हें रौंदता हुआ सीधे घर में जा घुसा।
किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला।
ट्रक के घर में घुसने से जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
क्रेन से हटाया गया ट्रक, शव निकाले गए
हादसे के बाद ट्रक के नीचे शव दब गए थे। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाया और उसके बाद चारों शवों को बाहर निकाला।
शवों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी भेजा गया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक मुरादाबाद नंबर पर पंजीकृत है।
परिवार पर एक साथ टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार, मृतक लालजी लंबे समय से पैरालाइज थे और चल-फिर नहीं सकते थे। इसलिए वह घर के बाहर टीनशेड के नीचे चारपाई पर ही रहते थे।
परिवार में उनके बेटे अनिल, बहू लक्ष्मी और पोता आदर्श रहते थे। वहीं बड़ी बेटी प्रेमलता की शादी दुधारा थाना क्षेत्र के पकरी आराजी निवासी राजेश से हुई है।
रविवार शाम प्रेमलता अपने 6 वर्षीय बेटे सत्यम के साथ मायके आई थीं। सोमवार सुबह यह हादसा हो गया।
बेटी ने सुनाई हादसे की दर्दनाक कहानी
मृतक की बेटी प्रेमलता ने बताया कि सुबह उनके माता-पिता चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान उनका बेटा सत्यम और भतीजा आदर्श भी बाहर आ गए और चारपाई पर बैठकर मोबाइल देखने लगे।
उसी समय तेज रफ्तार ट्रक आया और चारों को कुचलते हुए सीधे घर में घुस गया।
प्रेमलता ने बताया कि हादसे के समय वह घर के पास लगे हैंडपंप से पानी लेने गई थीं। तभी यह दर्दनाक घटना हो गई।
“मेरे बच्चों की लाश के बदले उसकी लाश चाहिए”
हादसे के बाद प्रेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था।
उनका कहना है कि सुबह-सुबह शराब पीकर वाहन चलाना किसी की जान लेने जैसा है। उन्होंने गुस्से में कहा कि जिसने उनके पूरे परिवार को खत्म कर दिया, वह हत्यारा है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने ट्रक मालिक को भी मौके पर बुलाने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, सीओ, कोतवाल और ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश जारी है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).