Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका को तीन गोलियां मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, छात्रा के सीने पर बने ‘आर्यन’ नाम के टैटू को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। घायल छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ट्यूशन से लौट रही छात्रा को रास्ते में रोका
घटना मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी के जोनल पार्क के पास की है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम छात्रा अनुष्का (23) ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी आदित्य (26) ने पल्सर बाइक से उसका पीछा किया और रास्ते में रोक लिया।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन बाद में विवाद बढ़ गया।
‘आर्यन’ नाम के टैटू को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले आदित्य ने इंस्टाग्राम पर अनुष्का के साथ अपनी एक तस्वीर देखी थी। इसी दौरान उसकी नजर छात्रा के सीने पर बने ‘आर्यन’ नाम के टैटू पर पड़ी।
इसके बाद वह लगातार आर्यन के बारे में पूछता रहा, लेकिन अनुष्का ने कोई जवाब नहीं दिया। बुधवार को भी उसने इसी बात को लेकर सवाल किया। पुलिस के मुताबिक, जवाब नहीं मिलने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
गुस्से में छात्रा पर की फायरिंग, फिर खुद को भी मारी गोली
पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने पर आदित्य ने कथित तौर पर अपनी कमर से पिस्टल निकाली और अनुष्का पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही छात्रा सड़क पर गिर गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। इसी बीच पकड़े जाने के डर से आरोपी ने खुद के सीने में भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
छात्रा की हालत गंभीर, सिर में अभी भी फंसी है एक गोली
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अनुष्का को तुरंत सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के मुताबिक, छात्रा को एक गोली सिर में और दो गोलियां पेट में लगी थीं। ऑपरेशन के दौरान दो गोलियां निकाल दी गई हैं, लेकिन तीसरी गोली अभी भी सिर में फंसी हुई है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
आरोपी हिस्ट्रीशीटर था, 10 दिन पहले ही जेल से छूटा था
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदित्य हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
करीब एक महीने पहले उसे अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लगभग 10 दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने बताया कि उसका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।
तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, अनुष्का कंकरखेड़ा के गोविंदपुरी इलाके की रहने वाली है। उसकी मां सदर स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में सरकारी शिक्षिका हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में एक बड़ा भाई भी है।
वहीं आरोपी आदित्य कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरा कॉलोनी का निवासी था। उसने वर्ष 2025 में साकेत स्थित आईटीआई कॉलेज से आईटीआई की थी। वह दो भाइयों में छोटा था।
दोनों की करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
जेल जाने के बाद बढ़ गई थी दोनों के बीच दूरी
पुलिस के अनुसार, आदित्य की पहचान लिसाड़ी गेट क्षेत्र के कथित हथियार तस्कर सावेज उर्फ शेरा से हो गई थी। आरोप है कि वह उसके लिए हथियारों की सप्लाई भी करने लगा था।
करीब एक महीने पहले अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अनुष्का ने उससे दूरी बना ली।
जमानत पर आने के बाद फिर करने लगा संपर्क
करीब 10 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आदित्य ने अनुष्का से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की।
पहले उसने फोन किया, लेकिन नंबर बंद मिला। बाद में उसे पता चला कि अनुष्का ने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया है। इसके बाद उसने नया नंबर हासिल कर फिर उससे बातचीत शुरू करने की कोशिश की।
पुलिस को मौके से दो पिस्टल और दोनों के वाहन मिले
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि घटनास्थल से दो पिस्टल, एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक बरामद हुई है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में युवक और युवती के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों परिवारों से पूछताछ कर रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).