UP Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी में बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। कारोबारी दुकान बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी तो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर में लगी और खून बहने लगा।
गोली लगने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत
गोली लगने के बावजूद 53 वर्षीय प्रशांत गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी। वह स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर खुद ही अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के गेट पर पहुंचकर उन्होंने अपने कर्मचारी को फोन किया। इसके कुछ देर बाद ही वह बेहोश होकर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचते ही बिगड़ी हालत
कर्मचारी के अस्पताल पहुंचने के बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई। परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे और प्रशांत गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए पीतांबरा हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया। गोली उनकी पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास लगी थी। उनकी हालत को गंभीर बताया गया है।
यूपी में अपराधी बेखौफ!!
झांसी में बदमाशों ने गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी को गोली मार दी। गोली कमर में लगी और उनकी हालत नाजुक है। यह हमला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है। @Uppolice @jhansipolice #Jhansinews #Firing #UP pic.twitter.com/HDJntGOwHf
— Journalist Ravendra kumar (@Chhotukingoffi1) August 12, 2026
बूढ़ा पुल के पास तीन बदमाशों ने रोका
वारदात बुधवार शाम करीब 6:45 बजे सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा पुल के पास हुई। प्रशांत गुप्ता दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। दुकान से करीब तीन किलोमीटर दूर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोकने की कोशिश की।
नहीं रुके तो पीछे से चला दी गोली
प्रशांत जब बदमाशों के कहने पर नहीं रुके तो उन्होंने पीछे से तमंचे से गोली चला दी। गोली सीधे प्रशांत की कमर में लगी। घायल होने और खून बहने के बावजूद उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और सीधे अस्पताल की ओर निकल गए।
अस्पताल के गेट पर कर्मचारी को किया फोन
घायल प्रशांत किसी तरह सरोज अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने अपने दुकान के कर्मचारी को फोन किया। सबसे पहले कर्मचारी अस्पताल पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में ले जाया गया।
गल्ला मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं प्रशांत
प्रशांत गुप्ता झांसी के मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी में रहते हैं। उनके चाचा उमेश गुप्ता ने बताया कि प्रशांत गल्ला मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं। बुधवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके स्कूटी से अपने घर के लिए निकले थे।
चाचा बोले- बैग में कैश समझकर किया हमला
प्रशांत के चाचा और यूपी व्यापार मंडल के झांसी जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता ने बताया कि प्रशांत के पास एक बैग था, जिसमें लैपटॉप रखा हुआ था। उनका अंदेशा है कि बदमाशों ने बैग में कैश समझकर हमला किया होगा।
उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। ऐसे में हमला क्यों किया गया, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल पाएगा।
देर रात ऑपरेशन कर निकाली गई गोली
गोली पीठ की तरफ रीढ़ की हड्डी के पास लगी थी। सिटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने देर रात ऑपरेशन किया और गोली निकाल दी। फिलहाल घायल कारोबारी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।
एसपी सिटी बोलीं- जल्द होगा घटना का खुलासा
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि गोली लगने के बाद घायल व्यापारी खुद अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि कारोबारी की हालत स्थिर है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
बैग में कैश था या नहीं, जांच में खुलेगा राज
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने कारोबारी को रोकने की कोशिश क्यों की थी। क्या उनका मकसद लूट था या हमले के पीछे कोई दूसरी वजह थी, यह जांच के बाद साफ होगा। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).