UP News: स्वतंत्रता दिवस के दिन संभल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव स्थित अलहसनैन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 8 साल के बच्चे निजामुद्दीन की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
ध्वजारोहण के बाद चल रहा था सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्कूल में शनिवार सुबह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के घरों से भी बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ बच्चे स्कूल के मेन गेट पर बने छज्जे के ऊपर चढ़ गए। बच्चों की संख्या ज्यादा होने से छज्जे पर भार बढ़ गया और अचानक वह भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के मलबे में कई बच्चे दब गए।
मलबे में दबे कई बच्चे
छज्जा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और बच्चों को बाहर निकाला।
हादसे में निजामुद्दीन (8), सैफ अली (11) और शैदाना (10) घायल हुए। तीनों को आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने निजामुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं सैफ अली और शैदाना का इलाज चल रहा है।
संभल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल का छज्जा गिरने से एक बच्चे की मौत, दो घायल; हादसे का लाइव वीडियो सामने आया#NewsLeader pic.twitter.com/s4EcZoIvhD
— News Leader (@NewsLeaderLive) August 15, 2026
निजामुद्दीन अपने स्कूल नहीं, चचेरे भाइयों के कार्यक्रम में गया था
फतेहपुर गांव निवासी मोहम्मद नईम किसान हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां फातिमा और उमामा हैं, जबकि बेटा निजामुद्दीन तीसरे नंबर का था।
परिजनों के मुताबिक, 8 साल का निजामुद्दीन लिटिल चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। शनिवार को वह अपने स्कूल नहीं गया था, बल्कि चचेरे भाइयों के स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम देखने पहुंचा था। वह सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था।
चाचा ने बताया कैसे हुआ हादसा
निजामुद्दीन के चाचा मोहम्मद सुभान ने बताया कि परिवार के बच्चे स्कूल में कार्यक्रम देखने गए थे। सभी बच्चे घर से झंडा लेकर निकले थे।
उनके मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कुछ बच्चे स्कूल के छज्जे के ऊपर खड़े थे। अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया और निजामुद्दीन समेत कई बच्चे उसके नीचे दब गए।
DM-SP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। SDM विकास चंद्र, CO असमोली अमन सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पंवार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद DM अंकित खंडेलवाल और SP कृष्ण कुमार बिश्नोई पुलिस लाइन में चल रहे स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को छोड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। BSA अलका शर्मा भी मौके पर पहुंचीं।
DM बोले- परिवार को सरकार से मदद दिलाई जाएगी
DM अंकित खंडेलवाल ने बताया कि निजी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। आसपास के कुछ बच्चे स्कूल के छज्जे पर चढ़ गए थे। छज्जे के नीचे एक 8 साल का बच्चा भी खड़ा था।
DM के मुताबिक, बच्चों के ज्यादा भार के कारण छज्जा गिर गया और उसके नीचे दबने से बच्चे की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार
मृतक बच्चे के पिता मोहम्मद नईम ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा, “बच्चे की जिंदगी यहीं तक थी। हमारी सरकार से कोई मांग नहीं है।”
SP कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है। परिवार के लोगों ने किसी अन्य कार्रवाई की मांग से इनकार किया है।
SP बोले- 19-20 साल पुरानी है स्कूल की बिल्डिंग
SP कृष्ण कुमार बिश्नोई के मुताबिक, स्कूल की बिल्डिंग करीब 19-20 साल पुरानी है। उन्होंने कहा कि इमारत में कोई खामी नहीं थी। आसपास के बच्चों के छज्जे पर चढ़ जाने के कारण उस पर ज्यादा भार पड़ा और वह भार सहन नहीं कर सका, जिसके बाद छज्जा गिर गया।
CCTV फुटेज भी आया सामने
इस दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में बच्चों की मौजूदगी और छज्जा गिरने की घटना दिखाई दे रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग बच्चों को मलबे से निकालने में जुट गए।
फिलहाल हादसे में घायल दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है। प्रशासन की ओर से परिवार को सरकारी मदद दिलाने की बात कही गई है।