रिपोर्ट : संदीप शर्मा
शुक्रवार की सुबह एक ग्रामीण का शव तहसीपुर गांव के पुल के निकट काली नदी में तैरता हुआ मिलने की घटना से हड़कंप मच गया। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद नदी से शव निकाले जाने के बाद काफी समय तक हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली कन्नौज के गांव तहसीपुर के निवासी 60 वर्षीय शिवप्रकाश पुत्र बाबूराम बीती सायं मवेशी चराने की लिये तहसीपुर पुल के निकट काली नदी की तलहटी की ओर गए थे। रात तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई तो ग्रामीण की खोजबीन की गई।

लेकिन कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार की देर रात और शुक्रवार की सुबह ग्रामीण युवक की खोजबीन में लगे ग्रामीणों को इसी दौरान एक शव काली नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने लापता ग्रामीण के परिजन और पुलिस को मामले की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और परिजनों के अलावा ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। नदी से शव बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों मे कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक शिवप्रकाश का अपहरण कर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे सदर क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार और कोतवाली प्रभारी दिग्विजय सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। सीओ ने बताया कि, घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उधर ग्रामीण की मौत पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।