हापुड़ : माइक्रोफाइनेंस बैंक के प्रताड़ना से त्रस्त होकर पिता, पत्नी और बेटी ने खाया जहर
हापुड़, उत्तर प्रदेश: हापुड़ जिले के सपनावत गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कर्ज के बोझ से दबे एक परिवार ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। घटना में पिता संजय सिंह, उनकी पत्नी प्रेमवती, और बेटी पायल ने जहर खाकर अपनी जान दे दी।
एजुकेशन लोन न चुका पाने पर परिवार के 3 लोगों ने छोड़ी दुनिया
जानकारी के अनुसार, संजय सिंह राणा ने अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए एक माइक्रोफाइनेंस बैंक से 3 लाख रुपये का लोन लिया था। परिवार आर्थिक तंगी के चलते इस कर्ज की किश्तें चुकाने में असमर्थ हो गया। इसके चलते बैंक के कर्मचारी परिवार पर लगातार दबाव बना रहे थे और प्रताड़ित कर रहे थे।बैंक के इस दबाव से हताश होकर संजय सिंह ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ मिलकर जहर खा लिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
हापुड़ प्रशासन उठा सकता है सख्त कदम
यह घटना उन गंभीर सवालों को उठाती है, जिनमें कर्ज वसूली के दौरान सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइनों का उल्लंघन किया जा रहा है। प्राइवेट फाइनेंस कंपनियों द्वारा जबरन कर्ज वसूली की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई परिवार आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव का सामना करते हुए आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं।इस घटना ने प्रशासन और समाज के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक लोगों को इस तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ेगी और कब तक कर्ज के बोझ तले परिवारों की जान जाती रहेगी? प्रशासन द्वारा इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।