UP Honor Killing: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की थाने के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी। बेटी ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के युवक के साथ प्रेम विवाह किया था, जिससे पिता नाराज था। पुलिस दोनों को मध्य प्रदेश से बरामद कर थाने लाई थी, जहां काउंसलिंग के दौरान यह खौफनाक वारदात हो गई।
लव मैरिज से नाराज था पिता
मामला जिला मुख्यालय से करीब 43 किलोमीटर दूर बदौंसा थाना क्षेत्र का है। इंद्रा कॉलोनी निवासी सत्यकुमार चौहान (55) अपनी बेटी शिवानी (19) के दूसरी जाति के युवक से विवाह करने से नाराज था। शिवानी ने 18 मई को अपने प्रेमी ललित वर्मा (20) के साथ भागकर शादी कर ली थी।
बताया जा रहा है कि दोनों ने पहले मंदिर में विवाह किया और बाद में रजिस्ट्रार कार्यालय में जाकर कोर्ट मैरिज भी कर ली थी।
चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के अनुसार शिवानी और ललित का पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने घर छोड़कर विवाह कर लिया।
शिवानी के घर से जाने के बाद उसकी मां रन्नो देवी ने ललित के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई थी।
मध्य प्रदेश से बरामद कर लाई थी पुलिस
18 मई से लापता चल रहे शिवानी और ललित के बारे में शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा घाटी क्षेत्र में हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को बरामद किया गया और बदौंसा थाने लाया गया।
थाने में दोनों पक्षों के परिवारों को भी बुलाया गया था ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
काउंसलिंग के दौरान पिता ने समझाने की कोशिश की
थाने में पूछताछ के दौरान शिवानी और ललित ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही। उन्होंने विवाह से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए। पुलिस युवती का मेडिकल और कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी।
इसी दौरान काउंसलर ने शिवानी, उसके पिता सत्यकुमार और मां रन्नो देवी को अलग कमरे में बैठाकर बातचीत करने का समय दिया। पिता ने बेटी को समझाने की कोशिश की कि ललित दूसरी बिरादरी का है और इस शादी से समाज में बदनामी हो रही है। उसने बेटी से विवाह खत्म करने की बात कही।
बेटी बोली- अब ललित के साथ ही जीना-मरना है
बातचीत के दौरान शिवानी ने साफ शब्दों में कहा कि वह ललित को नहीं छोड़ेगी। उसने कहा कि अब ललित उसका पति है और वह उसी के साथ अपना जीवन बिताना चाहती है।
परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में भी युवती अपने फैसले पर अडिग रही। काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और आगे उसे वन स्टॉप सेंटर भेजने की तैयारी चल रही थी।
3 से 4 सेकंड में किए ताबड़तोड़ चाकू से वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाने में उस समय करीब 15 से 20 लोग मौजूद थे। इनमें दोनों पक्षों के परिजन और पुलिसकर्मी शामिल थे।
इसी दौरान सत्यकुमार ने अचानक चाकू निकाल लिया और कुछ ही सेकंड में अपनी बेटी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।
मां की आंखों के सामने बेटी की मौत
चाकू से गंभीर रूप से घायल शिवानी को तत्काल अतर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
लेकिन इलाज के दौरान शिवानी ने दम तोड़ दिया। अपनी आंखों के सामने बेटी पर हमला होते देख उसकी मां रन्नो देवी बेहोश हो गई।
आरोपी पिता हिरासत में, हत्या का मुकदमा दर्ज
बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया था और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही थी। बातचीत और काउंसलिंग के दौरान उसके पिता ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
ऑनर किलिंग की आशंका पर चर्चा
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रेम विवाह को लेकर परिवार की नाराजगी और बेटी की हत्या के चलते लोग इसे ऑनर किलिंग के एंगल से भी देख रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).