Pilibhit News: पीलीभीत से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। थाना जहानाबाद क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव में शराब से परेशान महिलाओं का सब्र आखिरकार टूट गया। महिलाओं ने शराब के ठेके के खिलाफ खुला मोर्चा खोलते हुए वहां से शराब की बोतलें बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
वर्षों से शिकायत करने का महिलाओं ने किया दावा
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शराब के ठेके को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में शराब की वजह से परिवार लगातार बर्बाद हो रहे हैं और कई घरों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
महिलाओं ने मीडिया के सामने बयां किया दर्द
मीडिया से बातचीत के दौरान महिलाओं ने अपनी परेशानियां खुलकर बताईं। महिलाओं का कहना है कि गांव के कई पुरुष शराब की लत में इस कदर डूब चुके हैं कि परिवार संभालना मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई लोग नशे की हालत में सड़क पर निर्वस्त्र होकर पड़े रहते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं व स्कूली बच्चियों के सामने अशोभनीय हरकतें करते हैं।
पीलीभीत में शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। थाना जहानाबाद क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव में महिलाओं ने शराब के ठेके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और शराब की बोतलें सड़क पर फेंक दीं।
महिलाओं का आरोप है कि शराब की वजह से परिवार बर्बाद हो रहे हैं, घरों की आर्थिक… pic.twitter.com/KM3NlF4JY9
— Rocket Post Bharat (@rocketpostindia) June 20, 2026
“जमीन बेचकर शराब पी गए, घर में खाने तक को कुछ नहीं”
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दावा किया कि कई परिवारों की आर्थिक हालत शराब की वजह से बिगड़ चुकी है।
उनका कहना है कि कुछ लोगों ने शराब की लत के कारण अपनी जमीन तक बेच दी। अब हालात यह हैं कि कई घरों में खाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब वे घर खर्च या खाने की बात करती हैं तो उन्हें अपमानजनक जवाब सुनने पड़ते हैं।
शराब के ठेके पर पहुंचकर महिलाओं ने शुरू किया विरोध
गुस्साई महिलाओं का गुस्सा इतना बढ़ गया कि वे सीधे शराब के ठेके तक पहुंच गईं।
वहां महिलाओं ने शराब की बोतलें बाहर निकालकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
महिला प्रधान ने दी आगे भी आंदोलन की चेतावनी
गांव की महिला प्रधान ने भी इस पूरे मामले में नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि अगर गांव में शराब का ठेका बंद नहीं किया गया तो महिलाएं आगे भी इसी तरह विरोध करेंगी।
महिला प्रधान ने कहा कि गांव की महिलाओं की समस्याओं को अब नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी पहुंचे मौके पर
मामले की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आबकारी विभाग के अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी गांव पहुंचे।
फिलहाल अधिकारी महिलाओं को समझाने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।
गांव में तनाव जैसा माहौल, प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
घटना के बाद गांव में तनाव जैसा माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल अभी भी मौके पर मौजूद है।
अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है कि महिलाओं की शिकायतों पर कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा या मामला केवल आश्वासनों तक सीमित रहेगा।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).