UP Viral Video: उत्तर प्रदेश के मेरठ से शनिवार देर रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरधना थाना क्षेत्र में एक नशे में धुत लड़की ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि लड़की अपने दो साथियों के साथ सड़क पर उत्पात मचा रही थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस से भी वह उलझ गई और स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।
सड़क पर हंगामा, पुलिस पहुंची तो और बढ़ा बवाल
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सड़क पर हो रहे हंगामे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह और ज्यादा आक्रामक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की लगातार गाली-गलौज करती रही और पुलिसकर्मियों से उलझती रही।
पुलिस पर भी आरोप-प्रत्यारोप और बदसलूकी
घटना के दौरान लड़की ने पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें उंगली दिखाते हुए कहा कि वह अपने बॉयफ्रेंड से मिलने आई है और इसमें किसी को दखल देने का अधिकार नहीं है। इतना ही नहीं, उसने एक पुलिसकर्मी का हाथ पकड़कर बहस की और बार-बार चुनौती भरे लहजे में बात करती रही।
राहगीर पर भी किया हमला, मौके पर भीड़ जुटी
सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि मौके पर मौजूद आम लोगों के साथ भी लड़की ने बदसलूकी की। बताया जा रहा है कि उसने एक व्यक्ति को थप्पड़ भी मार दिया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल और बिगड़ गया।
मेरठ सरधना में एक लड़की जो के शराब के नशे में थी पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार।
यही नहीं हाथ भी उठाया पर लड़की है माफ कर दिया जाएगा।
कानून सबके लिए एक जैसा होना चाहिए आपको क्या लगता है। pic.twitter.com/Qqde3WyJeK
— Pradeep Maikhuri (@PradeepMaikhur3) June 21, 2026
दो बार गाड़ी से उतरी, साथी करते रहे शांत कराने की कोशिश
इस दौरान लड़की के दोनों साथी उसे बार-बार शांत कराने और गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते रहे। एक बार उसे गाड़ी में बैठाया भी गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह फिर बाहर आकर हंगामा करने लगी और पुलिस से बहस शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई, तीनों का शांतिभंग में चालान
काफी देर तक समझाने के बावजूद जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई, तो पुलिस ने लड़की और उसके दोनों साथियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए वाहनों को भी सीज कर दिया।
पुलिस का बयान
सीओ सरधना आशुतोष ने बताया कि लड़की लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसके दोनों साथी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि लड़की नशे की हालत में थी और उसने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने के साथ पुलिस के साथ भी अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की गई।