UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां रिटायर अफसर के बेटे पर पड़ोसी की दुकान बुलडोजर से तोड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि आरोपी करीब 70 नकाबपोश युवकों के साथ देर रात बुलडोजर लेकर पहुंचा और पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे। इसके बाद घर के गेट बाहर से बंद कर दुकान को पूरी तरह तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 3:30 बजे बुलडोजर लेकर पहुंचे आरोपी
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कम्पाउंड निवासी जेम्स थॉमस (49) ने बताया कि उनके घर के सामने “लकी प्रोविजन स्टोर” नाम से करीब 20 साल पुरानी दुकान (गुमटी) है। इसी दुकान से उनके परिवार का खर्च चलता है।
जेम्स का आरोप है कि रविवार तड़के करीब 3:30 बजे पड़ोसी मणि सिरोठिया लगभग 70 नकाबपोश युवकों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे।
पहले सीसीटीवी के तार काटे, फिर घर के बाहर लगाया ताला
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद घर के दोनों गेट बाहर से बंद कर दिए और ताले व सरिया लगा दिए।
जेम्स का कहना है कि इसके बाद बुलडोजर से उनकी दुकान को तोड़ना शुरू कर दिया गया।
#झाँसी
दबंगों ने बुलडोजर से ध्वस्त की दुकानेंदेर रात नकाबपोश दबंगों का दिखा बोलबाला
60 से ज्यादा दबंगों ने बोला धावा
मिशन कम्पाउंड गेट के पास दुकानें तोड़कर जमीन पर किया कब्ज़ा
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का मामला @jhansipolice @Uppolice #upnews #anaaditvup pic.twitter.com/JfArKkgYvd
— Anaadi TV UP UK (@AnaadiTVUPUK) June 29, 2026
बाउंड्री फांदकर बाहर आए दुकानदार
पीड़ित ने बताया कि शोर सुनकर उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने बाहर देखा तो दुकान तोड़ी जा रही थी। लेकिन बाहर से ताले लगे होने की वजह से परिवार बाहर नहीं निकल सका।
किसी तरह वह बाउंड्री फांदकर बाहर पहुंचे। आरोप है कि रोकने पर मणि सिरोठिया गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।
दुकान तोड़ने के बाद बनाई अस्थायी बाउंड्री
जेम्स थॉमस का आरोप है कि आरोपी दुकान तोड़ने के बाद वहां अस्थायी बाउंड्री बनाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे।
डायल 100 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी मौके से जा चुके थे।
पीड़ित का कहना है कि इस पूरी घटना में करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जमीन विवाद को बताया जा रहा वजह
जेम्स थॉमस के अनुसार उनके पड़ोसी मणि सिरोठिया ने करीब एक साल पहले पास की जमीन खरीदी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर के मुख्य गेट के बाहर की जमीन की भी फर्जी रजिस्ट्री करा ली गई थी। इसी मामले को लेकर लगभग 10 महीने पहले उन्होंने कोर्ट में केस दाखिल किया था, जो अभी विचाराधीन है।
पीड़ित का दावा है कि इसी विवाद के चलते यह घटना हुई।
71 लोगों पर केस दर्ज, CCTV से पहचान में जुटी पुलिस
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि जेम्स थॉमस की शिकायत के आधार पर मणि सिरोठिया और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).