Video: कानपुर में रविवार रात वीआईपी रोड पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कथित तौर पर नशे में धुत फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। आरोप है कि विरोध करने पर युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। मामला तब और बढ़ गया जब बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी धमकाने की कोशिश की गई। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ग्रीन पार्क चौराहे पर हुआ पूरा हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (UP 78 HV 6007) डीजी कॉलेज की तरफ से आ रही थी। कार में करीब 4 से 5 लोग सवार थे।
जैसे ही गाड़ी वीआईपी रोड स्थित ग्रीन पार्क चौराहे के पास पहुंची, उसने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा।
विरोध करने पर मारपीट और जबरन कार में बैठाने की कोशिश
आरोप है कि हादसे के बाद कार सवार युवक नीचे उतरे और बाइक सवार के साथ बहस शुरू कर दी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आरोपियों ने बाइक सवार को जबरन कार में बैठाने की भी कोशिश की।
VIP रोड पर दबंगई! मारपीट का वीडियो वायरल, युवक को कार में घसीटने का आरोप
ग्रीन पार्क चौराहे पर बाइक की टक्कर के बाद हुआ विवाद
वीडियो बना रहे युवक को फॉर्च्यूनर कार में जबरन घसीटने का किया गया प्रयास
राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया
वायरल… pic.twitter.com/yC548jUbme
— Abcnews.media (@abcnewsmedia) June 29, 2026
वीडियो बनाने पर पुलिसकर्मी को भी धमकाया
घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख उसने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया।
वीडियो बनते देख कार सवार युवक भड़क गए और पुलिसकर्मी की तरफ बढ़ते हुए कथित तौर पर कहा, “सांसद भोले सिंह को जानते हो? ताऊ हैं हमारे, अभी बात कराते हैं।”
जब पुलिसकर्मी ने वीडियो बनाना जारी रखा तो उससे कहा गया, “बहुत वीडियो बनाने का शौक है, क्या नाम है तुम्हारा?”
इस पर पुलिसकर्मी ने जवाब दिया, “नेम प्लेट पर लिखा है, पढ़ लो।”
वायरलेस पर मांगी गई अतिरिक्त फोर्स
स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वायरलेस सेट पर कंट्रोल रूम को सूचना दी।
उसने कहा, “सर, तुरंत फोर्स भेजिए। ये लोग बवाल कर रहे हैं, बदतमीजी कर रहे हैं, मार रहे हैं और गाड़ी में भरकर ले जा रहे हैं।”
हालांकि अतिरिक्त पुलिस पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फूलबाग की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने खुद दर्ज कराया मामला
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जून को एक वीडियो सामने आया था जिसमें कुछ लोगों के बीच विवाद दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक कोई पीड़ित सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस ने अपनी ओर से मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सांसद भोले सिंह का नाम लेने के बाद बढ़ी चर्चा
घटना के दौरान सांसद भोले सिंह का नाम लिए जाने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों का सांसद से कोई वास्तविक संबंध है या नहीं।
फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).