Triple Murder: प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक किराए के कमरे से पति, पत्नी और एक अन्य महिला के खून से लथपथ शव बरामद हुए। तीनों मूक-बधिर थे। सुबह कमरे का दरवाजा आधा खुला देखकर पड़ोसियों ने अंदर झांका तो तीनों की लाशें बिस्तर पर पड़ी मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
शाहगंज के गढ़ी कला मोहल्ले में हुई वारदात
यह घटना प्रयागराज के पुराने शहर स्थित शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले की है। यहां सुशीला देवी के तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर मृतक दंपति किराए पर रहते थे। मंगलवार सुबह उनका कमरा खुला मिला तो पड़ोसियों ने अंदर देखा। कमरे के भीतर पति, पत्नी और एक अन्य महिला की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
छह महीने से किराए पर रह रहा था दंपति
मकान मालकिन सुशीला देवी के मुताबिक, मृतक दंपति पिछले छह महीने से उनके मकान में रह रहा था। दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे और इलाके के कबाड़ कारोबारी श्यामलाल को सामान बेचते थे। पति-पत्नी दोनों मूक-बधिर थे। इसलिए मोहल्ले के लोग उन्हें नाम से कम ही जानते थे।
सोमवार रात मिलने आई थी एक महिला
मकान मालकिन ने बताया कि सोमवार को एक महिला उनसे मिलने आई थी। उन्होंने उसे पहले कभी नहीं देखा था। रिश्तेदार समझकर किसी ने उससे पूछताछ नहीं की। रात करीब 11 बजे वह सोने चली गईं। मंगलवार सुबह जब बाहर निकलीं तो कमरे का दरवाजा आधा खुला मिला। पड़ोसियों से देखने को कहा, जिसके बाद तीनों की हत्या का खुलासा हुआ।
दूसरी मंजिल के किराएदार ने बताई अहम बात
दूसरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार ऋषि सिंह ने बताया कि रात में किसी भारी चीज के गिरने जैसी तेज आवाज सुनाई दी थी। उन्हें लगा कि शायद किसी ने सिलेंडर गिरा दिया होगा। नींद में होने की वजह से उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सुबह जब नीचे हत्या की जानकारी मिली तो उन्हें घटना का पता चला।
कबाड़ कारोबारी ने बताया- 20 साल से जानता था दंपति
इलाके के कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह मृतक दंपति को करीब 20 साल से जानते थे। दोनों खुद को कोलकाता का रहने वाला बताते थे। पहले फुटपाथ पर रहते थे, बाद में किराए के मकानों में रहने लगे। जिस मकान में घटना हुई, वहां भी वे पहले रह चुके थे और करीब छह महीने पहले दोबारा आए थे।
उन्होंने बताया कि दंपति का किसी से कोई विवाद नहीं था। घटना में जिस तीसरी महिला की मौत हुई है, वह भी कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी। श्यामलाल के अनुसार, वह महिला शराब पीने की आदी थी और घटना से एक दिन पहले भी नशे की हालत में दुकान पर आई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, कई पहलुओं पर फोकस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके से साक्ष्य जुटाए गए और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मकान मालकिन के बेटे को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
डीसीपी सिटी ने क्या कहा?
डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि किराए के कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव मिला है। तीनों मूक-बधिर थे। शुरुआती जांच में आशंका है कि उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का पता जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).