UP Crime: हापुड़ के मोहल्ला अलीनगर में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। हिस्ट्रीशीटर प्रॉपर्टी डीलर राशिद उर्फ लंबू की सरेराह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब राशिद दूध लेकर घर लौट रहा था। हमलावरों ने बीच सड़क उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू मारे। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दूध लेकर लौट रहा था राशिद, रास्ते में घेरकर हमला
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित मोहल्ला अलीनगर गली नंबर तीन का है। मृतक के छोटे भाई अलीशान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बड़ा भाई राशिद दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।
गुरुवार सुबह करीब पौने आठ बजे राशिद दूध लेने गया था। आरोप है कि घर लौटते समय मोहल्ले के ही चार सगे भाइयों सुलेमान, इमरान, राशिद और सुफियान ने उसे नवाब के घर के सामने घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राशिद गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नौशाद पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
अलीशान ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के ही नौशाद ने चारों भाइयों के साथ मिलकर राशिद की हत्या कराई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ज्ञानंजय सिंह और एएसपी विनीत भटनागर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीमों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दुष्कर्म केस को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि राशिद और सुलेमान पक्ष के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था।
दरअसल, 14 अगस्त 2025 को सुलेमान के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। सुलेमान को शक था कि यह केस राशिद की शह पर दर्ज कराया गया है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लगातार तनाव और कहासुनी होती रहती थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह भी दूध लाने के दौरान राशिद की आरोपी राशिद से बहस हुई थी। इसके बाद उसने अपने भाइयों को बुला लिया और सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।
शरीर पर मिले 18 गहरे घाव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक के शरीर पर चाकुओं के 18 गहरे घाव मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों के सिर पर खून इस कदर सवार था कि उन्होंने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं।
31 मुकदमों में आरोपी था राशिद
पुलिस के अनुसार राशिद उर्फ लंबू पर हत्या, लूट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 31 मुकदमे दर्ज थे। वह इलाके का हिस्ट्रीशीटर भी था।
हालांकि उसकी हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। राशिद पांच बहनों और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में पत्नी अफसाना, दो बेटियां आयत और जोया, जबकि दो बेटे मोहम्मद और उमर हैं।
घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शाम को गमगीन माहौल में राशिद को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
पुलिस बोली- जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि छोटे भाई की तहरीर पर सुलेमान, इमरान, राशिद, सूफियान और नौशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).