Lucknow Fire Update: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर 2:15 बजे हुए भीषण अग्निकांड में लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं। दो मंजिला बिल्डिंग में लगी आग ने अब तक 15 लोगों की जान ले ली है। मरने वालों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है।
अब तक 15 की मौत की पुष्टि, कई छात्र अभी भी फंसे
ताजा जानकारी के मुताबिक हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अभी भी करीब 5 बच्चों के बिल्डिंग के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू टीमें लगातार अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।
कोचिंग में फंसे छात्र, धुएं से बचने को बाथरूम में छिपे
दूसरी मंजिल पर चल रही कोचिंग में उस समय कई छात्र मौजूद थे। आग और धुएं से बचने के लिए कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था।
एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहले फ्लोर से छलांग लगाई, लेकिन नीचे लोहे की ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
लखनऊ में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए इमारत से कूदे छात्र कई छात्र गंभीर रूप से हुए घायल मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं, राहत और बचाव कार्य जारी। pic.twitter.com/xvJ3pqE9b8
— Archit Rawat Journalist (@ArchitRawat123) June 22, 2026
SDRF-NDRF की टीमें मौके पर, बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौजूद हैं। इसके साथ ही SDRF और NDRF की टीमें भी राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है।
दीवार तोड़कर शव और लोगों को निकालने का प्रयास
रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए फायरकर्मियों ने बिल्डिंग की पिछली दीवार तोड़ दी है।
इसी रास्ते से अंदर फंसे लोगों और शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
एक ही बिल्डिंग में कोचिंग, क्लीनिक और पेट शॉप
जानकारी के अनुसार इस इमारत में बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हो रहे थे।
दूसरी मंजिल पर “लर्निंग स्पेस” नाम की कोचिंग और एक स्टूडियो भी था, जहां 3D आर्ट और गेम एसेट से जुड़ा काम होता था।
प्रशासन अलर्ट, डिप्टी सीएम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
करीब 14 एम्बुलेंस को भी मौके पर तैनात किया गया है।
सीएम योगी ने अलीगढ़ दौरा छोड़ा, लखनऊ लौट रहे
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़ दिया है और वे तुरंत लखनऊ लौट रहे हैं।
सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के संकेत दिए हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
फिलहाल फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अपडेट समय-समय पर साझा किए जा रहे हैं।