UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली सेंट्रल जेल से सोमवार को एक बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया। उम्रकैद की सजा काट रहा एक बंदी जेल से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजी जेल पीसी मीणा ने तुरंत कार्रवाई की और 7 अधिकारियों-कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। वहीं वरिष्ठ जेल अधीक्षक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
कृषि फार्म से अचानक गायब हुआ बंदी
डीजी जेल पीसी मीणा के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जेल के बाहर मौजूद कृषि फार्म कमान नंबर-1 से एक बंदी के लापता होने की सूचना मिली।
घटना सामने आते ही जेल परिसर में तुरंत अलार्म बजाया गया और अफसर मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
जांच में सामने आया- बंदी दिनेश कुमार हुआ फरार
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कृषि कार्य के लिए भेजा गया बंदी दिनेश कुमार मौके से फरार हो गया। दिनेश अमरोहा जिले के नन्हेड़ा गांव का रहने वाला है।
इसके बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने जेल परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पॉक्सो केस में काट रहा था उम्रकैद की सजा
जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार को अमरोहा की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने 9 जनवरी 2026 को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा और जुर्माना सुनाया था।
उसे 19 अप्रैल 2026 को बिजनौर जिला जेल से स्थानांतरित करके बरेली सेंट्रल जेल भेजा गया था।
45 कैदियों के साथ खेत में काम करने गया था
जेल रिकॉर्ड के मुताबिक सोमवार सुबह 7:22 बजे दिनेश कुमार को 45 अन्य बंदियों के साथ कृषि कार्य के लिए जेल के बाहरी फार्म पर भेजा गया था।
उसकी निगरानी के लिए कई जेलकर्मी और पुलिस जवान भी तैनात थे। इसमें कमान प्रभारी, हेड जेल वार्डर और अन्य सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसके बावजूद बंदी फरार हो गया।
सुरक्षा में बड़ी लापरवाही, 7 कर्मचारी सस्पेंड
मामले की शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद डीजी जेल ने सख्त कार्रवाई की।
जेलर, डिप्टी जेलर, हेड जेल वार्डर और जेल वार्डरों समेत कुल 7 अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
बंदी की तलाश में बनाई गईं 4 टीमें
कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन ने 4 अलग-अलग सर्च टीमें गठित की हैं।
इन टीमों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर भेजा गया है। साथ ही फरार बंदी की सूचना स्थानीय पुलिस और अमरोहा पुलिस को भी दे दी गई है।
अंदरूनी मदद की आशंका पर भी जांच
इज्जतनगर थाना पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि कहीं बंदी को भागने में किसी जेल कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति की मदद तो नहीं मिली।
फरार बंदी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
जेल प्रशासन की ओर से फरार बंदी दिनेश कुमार के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).