Crime News: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार को एक 17 वर्षीय बीसीए छात्रा की उसके ही घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय छात्रा घर में अकेली थी। उसका शव घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला, जबकि पास में उसका क्लासमेट गंभीर हालत में पड़ा था। पुलिस ने इलाज के बाद आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। चूंकि पीड़िता नाबालिग थी, उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
बड़ी बहन कॉलेज से लौटी तो खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, छात्रा की बड़ी बहन बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे कॉलेज से घर लौटी। घर का मुख्य गेट खुला था। नीचे किसी को न देखकर वह पहली मंजिल पर पहुंची, जहां कमरे में उसने अपनी बहन को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। वहीं पास में उसका क्लासमेट भी घायल अवस्था में मिला।
इसके बाद उसने तुरंत पुलिस और परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घर में अकेली होने का फायदा उठाकर पहुंचा आरोपी
डीसीपी कमलेश दीक्षित के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी छात्र को पता था कि पीड़िता घर में अकेली है। वह अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू लेकर घर पहुंचा था।
पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने छात्रा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पुलिस: आरोपी ने पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद के दौरान चाकू को लेकर छीना-झपटी हुई, जिसमें उसके हाथ में भी चोट लगी। इसके बाद उसने गुस्से में छात्रा का गला रेत दिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसका मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
दोनों साथ पढ़ते थे, रिश्ते की भी जांच
जांच में पता चला है कि दोनों पहले इंटरमीडिएट में साथ पढ़ चुके थे और बाद में एक ही कॉलेज में बीसीए प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था।
पुलिस प्रेम संबंध और आपसी विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की भी जांच की जा रही है।
पड़ोसियों ने सुनी थीं चीखने की आवाजें
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय घर से झगड़े और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। हालांकि उन्होंने इसे घर का निजी मामला समझकर हस्तक्षेप नहीं किया। बाद में पता चला कि घर के अंदर हत्या हो चुकी थी।
परिवार अमेठी गया था, सूचना मिलते ही लौटा
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के पिता भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एनसीसी में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय माता-पिता अपने गृह जनपद अमेठी गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद वे तत्काल लखनऊ पहुंचे।
पुलिस क्या बोली?
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा में एक छात्रा की हत्या की सूचना मिली थी। छात्रा के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। शव के पास उसका दोस्त घायल अवस्था में पड़ा मिला, जिसे इलाज के बाद हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).