UP Election 2026: उत्तर प्रदेश में अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बलरामपुर की जनसभा में योगी ने अखिलेश की चुनौती का जवाब देते हुए उन्हें भी अयोध्या से नामांकन करने का ऑफर दिया। योगी ने कहा कि वह अयोध्या सियासत के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए जाते हैं। इस दौरान उन्होंने पिछली सपा सरकार, माफिया, राम मंदिर और विपक्ष की भाषा पर भी निशाना साधा। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के अयोध्या दौरे और राम मंदिर में दर्शन नहीं करने को लेकर सवाल उठाए।
अखिलेश ने योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी थी चुनौती
अखिलेश यादव दो दिन के दौरे पर अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भागवत कथा में हिस्सा लिया और संतों से आशीर्वाद लिया। जनसभा में उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।
अखिलेश ने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है, तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग और प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि राज्य न्याय और मानवता से चलता है और अयोध्या की जनता चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।
SP chief Akhilesh Yadav dares UP CM Yogi Adityanath to contest from Ayodhya https://t.co/ZlXYb66sfk
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) October 8, 2026
योगी आदित्यनाथ का पलटवार, बोले- अयोध्या से आप भी नामांकन करिए
बलरामपुर की जनसभा में अखिलेश की चुनौती का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अखिलेश, अयोध्या हमारी पावन धाम है। हम सियासत के लिए नहीं, विकास के लिए अयोध्या जाते हैं।”
योगी ने आगे कहा, “आइए, आपको ऑफर देता हूं। आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं।”
मुख्यमंत्री ने अयोध्या को अपनी आस्था की स्थली बताया। उनके इस बयान को अखिलेश यादव की अयोध्या से चुनाव लड़ने वाली चुनौती के सीधे जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
अखिलेश जी,
मैं आपको ऑफर करता हूं।
आइए, आप भी श्री अयोध्या धाम में नामांकन करिए और मैं भी करता हूं… https://t.co/R4Jtz6vNOw
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 10, 2026
पिछली सपा सरकार पर साधा निशाना, माफिया को लेकर लगाए आरोप
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले माफिया जिस जमीन पर पैर रखता था, उस पर कब्जा कर लेता था। उनका कहना था कि सपा के गुंडे व्यापारियों को फोन करके धमकाते थे और उनकी संपत्ति हड़प लेते थे।
योगी ने दावा किया कि 2017 से पहले बलरामपुर की सड़कें सबसे खराब थीं। उन्होंने कहा कि अब वोट तस्करी और बदमाशों की अराजकता की जगह विकास और बदलाव का आधार बन रहा है। उनके मुताबिक, इलाके को आकांक्षात्मक जिले से संभावनाओं वाले जिले के रूप में विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का जिक्र कर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनके निर्माण में रुकावट बनने वाले लोग आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं। योगी ने यह भी कहा कि विरोध की भी एक सीमा होती है।
उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर शिष्टाचार भूलने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। योगी के मुताबिक, इस तरह के प्रयास देश को गुमराह करने और अराजकता की ओर ले जाने वाले हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश के अयोध्या दौरे पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश भागवत कथा में शामिल होने गए, लेकिन राम मंदिर में दर्शन करने नहीं पहुंचे।
मौर्य के मुताबिक, रामलला के दर्शन नहीं करने वालों की रामभक्ति पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि देश और दुनिया से बड़ी संख्या में लोग राम मंदिर पहुंच रहे हैं।
अखिलेश यादव ने अयोध्या के लिए किए ये वादे
अयोध्या में अखिलेश यादव ने सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया था। इसके अलावा उन्होंने भेदभाव नहीं होने देने और किसी की दुकान या मकान नहीं उजाड़े जाने का भरोसा भी दिया।
अखिलेश ने अयोध्या की पहचान को और मजबूत करने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाने की बात भी कही थी। अब अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर योगी के पलटवार के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).