रिपोर्ट : अश्वनी पाठक
कोतवाली छिबरामऊ के अंतपुर हाथिन निवासी अश्विनी कुमार दुबे (25) पुत्र कमलेश दुबे छिबरामऊ में फोटो स्टूडियो की दुकान किए था। शादी समारोह में वीडियो कैसेट व फोटो के लिए बुकिंग करता था। मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब अपने छोटे भाई गगन कुमार (21) के साथ इंदरगढ़ शादी बुकिंग में जा रहे थे। भवानी सराय अंधा मोड़ के समीप पुलिस लिखी बोलेरो कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक समेत दोनों भाई दूर जा गिरे और घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला टायर फट गया और शीशा भी टूट गया।

सूचना पर चौकी प्रभारी अमोलर राम मनोज द्विवेदी, अंकुश कुमार, जयप्रकाश पटेल मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी तालग्राम भेजा। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल भाईयों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। जहां अश्वनी कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल उसका छोटा भाई जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है। मृत अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दूसरे नंबर का अमन है मां पुष्पा देवी का रो-रो हाल बेहाल है। थाना प्रभारी देवेश कुमार पाल का कहना है कि पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।