देश में महिला को लक्ष्मी के रूप में पूजा जाता रहा है। लेकिन बिहार के वैशाली जिले में एक महिला के साथ भरी पंचायत में अमानवीय व्यवहार की सीमा पार कर दी गई। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर शक के चलते सैकड़ों लोगों के बीच उसके बाल मुंडवा दिए।
बता दें कि पूरा मामला वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के शिवराजपुर का है। यहां बीते दिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कुछ लोग एक महिला के जबरन बाल काट रहे थे। यह वीडियो पुलिस के भी हाथ लगा। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शक में मूंड दिया पत्नी का सर
छानबीन में पता लगा कि शिवराजपुर के रहने वाले राम दयाल की शिकायत पर पंचायत बुलाई गई थी। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वार्ड पार्षद पति भी मौके पर मौजूद थे। पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ चक्कर चल रहा है। जिसके बाद पहले हजाम को बुलाया गया और फिर पीड़ित महिला के बालों को काट दिया गया।

इस दौरान महिला चीखती रही, गिड़गिड़ाती रही लेकिन उसकी किसी ने एक न सुनी और भरी पंचायत में उसे जलील किया गया। इस घटना से बिहार में कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और महिला की शिकायत पर पुलिस ने मानहानि की धारा के साथ FIR दर्ज कर लिया है।

यहाँ भी देखें:-
https://atomic-temporary-202760825.wpcomstaging.com/sheikhpura-news-women-killed-for-dowry/