LPG Crisis: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में LPG की किल्लत के बीच एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पलिया क्षेत्र में चोरों ने गैस एजेंसी के गोदाम की दीवार तोड़कर 108 सिलेंडर चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दीवार काटकर गोदाम में घुसे चोर
यह घटना पलिया क्षेत्र के मकनपुर रोड स्थित गैस गोदाम की है। शुक्रवार रात चोरों ने करुणा गैस एजेंसी को निशाना बनाया। शातिर चोरों ने पहले गोदाम की दीवार तोड़ी और फिर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
108 सिलेंडर चोरी, ज्यादातर भरे हुए
गैस एजेंसी संचालक के अनुसार, चोर कुल 108 एलपीजी सिलेंडर ले गए, जिनमें 98 भरे हुए और 10 खाली थे। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर चोरी होना अपने आप में बड़ी घटना मानी जा रही है।
सुबह कर्मचारी पहुंचे तो उड़े होश
शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब गोदाम कर्मचारी रितेश कुमार वहां पहुंचे, तो उन्होंने दीवार टूटी हुई देखी। अंदर जाकर देखा तो सिलेंडर गायब थे। इसके बाद तुरंत एजेंसी संचालक को सूचना दी गई।
करुणा सिंह ने पुलिस में दी तहरीर
यह गैस एजेंसी करुणा सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो राजापुर बेनी (मोहम्मदी क्षेत्र) की रहने वाली हैं। उन्होंने तुरंत पलिया कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, वाहन का शक
पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर बिना किसी वाहन के ले जाना संभव नहीं है। ऐसे में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।
LPG किल्लत के बीच बढ़ी कालाबाजारी
जिले में पिछले कई दिनों से LPG की कमी चल रही है। ऐसे में सिलेंडरों की कालाबाजारी भी बढ़ गई है। इसी वजह से इस चोरी को और ज्यादा गंभीर माना जा रहा है।
पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
एक तरफ लोग गैस की कमी से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ इतनी बड़ी चोरी ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करुणा सिंह ने सिलेंडरों की जल्द बरामदगी की मांग की है।
CO बोले- जल्द होगा खुलासा
पलिया के सीओ जितेंद्र परिहार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).