Jantar Mantar Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को केंद्र सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं रोकी गई और गिरफ्तार छात्रों को जल्द राहत नहीं मिली, तो पार्टी एक बार फिर देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने पहले दिए गए आश्वासन का पालन नहीं किया और कई राज्यों में छात्रों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के प्रवक्ता सौरव दास, पार्टी नेता आशुतोष रांका और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल मौजूद रहे।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलन स्थगित कराने के समय जो वादा किया था, उसे तोड़ दिया है। उनका कहना है कि बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
कपिल सिब्बल ने क्या कहा?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि उनकी भूमिका पार्टी के कानूनी मामलों में सहयोग देने की है। उन्होंने कहा कि वह CJP से जुड़े कानूनी मुद्दों में मदद करेंगे।
CJP ने लॉन्च किया नया पोर्टल
पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक नया ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने की भी घोषणा की।
CJP के मुताबिक, इस पोर्टल के जरिए प्रदर्शन या पुलिस कार्रवाई से प्रभावित छात्र अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। छात्र अपने केस से जुड़े दस्तावेज, केस की जानकारी और वीडियो भी अपलोड कर सकेंगे, ताकि पार्टी उनकी कानूनी सहायता कर सके।
कई राज्यों में कार्रवाई का लगाया आरोप
सौरव दास ने कहा कि केवल बिहार और पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए और देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई बंद की जाए।
X पर भी उठाया मुद्दा
इससे पहले सोमवार को सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह उस आश्वासन के विपरीत है, जिसके आधार पर CJP ने अपना प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन स्थगित किया था।
आंदोलन दोबारा शुरू करने की चेतावनी
CJP का कहना है कि उसने केंद्र सरकार के इस आश्वासन पर अपना आंदोलन रोका था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिलती, तो वह दोबारा देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। CJP का दावा है कि ऐसा करना लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).