UP Accident News: उत्तर प्रदेश के झांसी से बड़ी खबर सामने आई है। माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके साथ कार में सवार सोनू खान की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बड़े बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे। हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ।
झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार क्रेटा कार प्रयागराज से झांसी की ओर जा रही थी। झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। चालक ने जानवर को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और आगे की सीट पर बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
आबान अहमद समेत दो लोगों की मौके पर मौत
हादसे में आबान अहमद और सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कार में सवार अहजम (बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने आबान अहमद की पहचान की पुष्टि की
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान माफिया अतीक अहमद के पुत्र आबान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था आबान
जानकारी के मुताबिक, आबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी आ रहा था। अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद है।
अली अहमद पर उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी समेत कई मामलों में आरोप हैं। उसे 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल में हाई सिक्योरिटी के बीच शिफ्ट किया गया था। नैनी जेल में उसकी बैरक से 1100 रुपये बरामद होने के बाद जेल प्रशासन ने उसे झांसी स्थानांतरित किया था।
झांसी जेल पहुंचने के दौरान अली अहमद ने अपनी जान को खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री से सुरक्षा की मांग भी की थी। तब से वह झांसी जेल में ही बंद है।
2023 में एसटीएफ मुठभेड़ में मारा गया था असद अहमद
यह पहली बार नहीं है जब अतीक अहमद के परिवार पर बड़ा हादसा आया हो। इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को अतीक का बेटा असद अहमद झांसी में यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
असद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीक्षा इलाके में हुई मुठभेड़ में असद और उसका साथी गुलाम पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में मारे गए थे।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक आए जानवर को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).