Accident News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नेशनल हाईवे-34 पर तेज रफ्तार बाइक अचानक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के भैसौली कट के पास की है।
रिश्तेदारी से लौट रहा था पूरा परिवार
जानकारी के मुताबिक धमेड़ा कीरत गांव निवासी उत्तम सिंह (45) अपनी पत्नी उर्मिला (40) और तीन बच्चों निशांत (8), दिशा (6) और अनायरा (4) के साथ खुर्जा गए थे।
उत्तम सिंह ने रिश्तेदारी जाने के लिए किसी परिचित से बाइक मांगी थी। उन्होंने कहा था कि थोड़ी देर में काम निपटाकर वापस लौट आएंगे।
शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे पूरा परिवार एक ही बाइक पर सवार होकर खुर्जा से वापस घर लौट रहा था।
अचानक धीमा हुआ ट्रक, बाइक जा घुसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भैसौली कट के पास एक ट्रक करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे चल रहा था। अचानक ट्रक चालक ने वाहन की स्पीड कम कर दी।
पीछे से आ रही उत्तम सिंह की बाइक भी तेज रफ्तार में थी। अचानक ट्रक की गति धीमी होने से बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक में पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा। मौके पर बच्चों और माता-पिता के शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े मिले। बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था उत्तम
बताया जा रहा है कि उत्तम सिंह सिकंदराबाद की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। खुर्जा में उनके रिश्तेदार रहते हैं, जिनसे मिलने वह परिवार के साथ गए थे।
मृतक निशांत कक्षा 3 में पढ़ता था, जबकि दिशा दूसरी क्लास में थी। सबसे छोटी बेटी अनायरा अभी पहली कक्षा में पढ़ रही थी।
परिवार में अब बुजुर्ग माता-पिता, भाई-भाभी और एक बहन बची हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद ट्रक छोड़कर भागा चालक
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप और सीओ सिटी प्रखर पांडेय मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
इधर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हरियाणा नंबर के ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस बोली- जल्द होगा आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हुई है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).