Lucknow Coaching Fire Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद बिल्डिंग में मौजूद कोचिंग, क्लीनिक और पेट शॉप में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्र और कर्मचारी अंदर ही फंस गए। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
कोचिंग में फंसे छात्र, एक ने कूदकर बचाई जान
जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में मौजूद छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहले फ्लोर से छलांग लगा दी, लेकिन नीचे लोहे की ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सड़क के दूसरी तरफ सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
लखनऊ में कोचिंग सेंटर में भीषण आग: नीचे कूद रहे बच्चे, कई की हालत नाजुक; दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद https://t.co/nXRyfbGtak pic.twitter.com/DxJPl4y7tr
— आदित्य तिवारी / Aditya Tiwari (@aditytiwarilive) June 22, 2026
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
आग पर काबू पाने के लिए एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी लगाया गया है। साथ ही, फायरकर्मियों ने बिल्डिंग के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की।
10 से 20 लोगों के फंसे होने की आशंका
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक बिल्डिंग के अंदर अभी भी लगभग 10 से 20 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। करीब 14 एम्बुलेंस को भी मौके पर तैनात किया गया है।
बिल्डिंग में पेट शॉप, क्लीनिक और कोचिंग संचालित
जानकारी के अनुसार ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक चल रहे थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर “लर्निंग स्पेस” नाम की कोचिंग और एक स्टूडियो संचालित हो रहा था, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट से जुड़ा काम होता है।
एसी से आग लगने की आशंका, पहले भी मिली थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत नीचे फ्लोर पर लगे एसी से हुई हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस एसी को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया।
लोगों की दर्दभरी कहानियां आईं सामने
एक व्यक्ति ने बताया कि उनका बेटा उसी बिल्डिंग में काम करता था और आग लगने के बाद उसने फोन कर मदद की गुहार लगाई।
वहीं एक कर्मचारी ने बताया कि लंच के बाद अचानक धुआं तेजी से फैलने लगा, और कुछ ही मिनटों में पूरा रास्ता बंद हो गया।
ऊपरी मंजिल से रस्सी के सहारे निकले लोग
कुछ कर्मचारियों ने बताया कि धुआं तेजी से फैलने के बाद उन्हें बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। एक कर्मचारी ने ऊपरी मंजिल से तार पकड़कर नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
फिलहाल पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मौके पर जॉइंट सीपी और डीजी फायर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश लगातार जारी है।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).