Air India Flight: सोमवार रात एयर इंडिया की एक फ्लाइट से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया, जब दिल्ली से अमृतसर जा रहा विमान रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गया। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने विमान को चेतावनी दी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत विमान का रूट बदला और वापस भारतीय एयरस्पेस में लौट आया। हालांकि, इस घटना के चलते यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और फ्लाइट करीब 4 घंटे की देरी से अमृतसर पहुंची।
दिल्ली से 3 मिनट देरी से उड़ी थी फ्लाइट
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक एयरबस AI-321 विमान ने सोमवार रात 9 बजकर 18 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरी थी। यह फ्लाइट अपने तय समय से करीब 3 मिनट की देरी से रवाना हुई थी।
विमान को रात 10 बजकर 30 मिनट पर अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने की वजह से विमान अपने निर्धारित रूट से भटक गया।
पाकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंचने पर मिली चेतावनी
तकनीकी खराबी के कारण विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया। रिपोर्ट के मुताबिक पायलट को भी इस स्थिति का पता तब चला जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की तरफ से चेतावनी मिलने लगी।
चेतावनी मिलते ही पायलट ने तुरंत विमान का रूट बदला और यू-टर्न लेकर वापस भारतीय एयरस्पेस में लौट आया।
अमृतसर पहुंचने तक रनवे पर बढ़ गया ट्रैफिक
जब विमान वापस भारतीय सीमा में लौटा और अमृतसर एयरपोर्ट की तरफ बढ़ा, तब तक एयरपोर्ट पर ट्रैफिक काफी बढ़ चुका था।
रनवे पर व्यस्तता के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को वापस दिल्ली जाने के निर्देश दिए।
इसके बाद विमान दिल्ली लौटा और वहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।
करीब 4 घंटे की देरी से अमृतसर पहुंची फ्लाइट
दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के करीब 2 घंटे बाद विमान को दोबारा अमृतसर जाने की अनुमति मिली।
इसके बाद विमान ने फिर उड़ान भरी और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजकर 20 मिनट पर अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस दौरान यात्रियों को करीब 4 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या कहा
अमृतसर एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से अंतिम अनुमति दी जाती है।
उन्होंने कहा कि कई बार रनवे की उपलब्धता, एयर ट्रैफिक या अन्य तकनीकी कारणों से विमान को हवा में ही कुछ समय के लिए इंतजार करवाना पड़ता है। यह सामान्य प्रक्रिया है।
अधिकारी के अनुसार, इस मामले में तकनीकी खराबी के कारण विमान अपने रूट से भटक गया था और बाद में एयर ट्रैफिक बढ़ने की वजह से उसे दिल्ली भेजा गया।
यात्रियों को परेशानी हुई, लेकिन स्थिति सामान्य रही
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यात्रियों को देरी की वजह से परेशानी जरूर हुई, लेकिन किसी बड़े हंगामे या दुर्व्यवहार की सूचना नहीं मिली है।
अधिकारियों के मुताबिक विमान बाद में सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच गया और स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।
इससे पहले पाकिस्तान की फ्लाइट भी भटक चुकी है
इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की पैसेंजर फ्लाइट फ्लाई जिन्ना-9P514 भी खराब मौसम के कारण भारतीय एयरस्पेस में पहुंच गई थी।
लाहौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ समय बाद फ्लाइट रास्ता भटक गई थी। हालांकि तकनीकी गड़बड़ी का अंदेशा होने पर उसे तुरंत वापस पाकिस्तानी एयरस्पेस में ले जाया गया था।