Crime News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और उसके साथियों पर ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगा है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर अरिशा ने पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया, फिर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर पैसे की मांग शुरू कर दी। युवक का कहना है कि उससे 55 हजार रुपए वसूले गए और लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
संभल के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी शाहरुख (22) फास्ट फूड सेंटर चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उन्होंने संभल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शनिवार रात करीब 2:55 बजे मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल घूमने के दौरान हुई थी पहली मुलाकात
शाहरुख के मुताबिक करीब तीन साल पहले वह नैनीताल घूमने गए थे। वहीं उनकी मुलाकात संभल के मोहल्ला दीपा सराय निवासी अरिशा से हुई थी।
दोनों एक ही शहर के रहने वाले थे, इसलिए बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और मुलाकातों का सिलसिला भी शुरू हो गया।
रिश्ते के दौरान बनाए गए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
शाहरुख ने आरोप लगाया कि दोस्ती और रिश्ते के दौरान उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए।
बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया गया।
55 हजार रुपए की मांग, वायरल करने की दी धमकी
युवक के मुताबिक अरिशा ने उसे धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे।
इसके अलावा झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। डर के कारण उसने करीब 55 हजार रुपए दे दिए, लेकिन इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
युवक का दावा- अरिशा चलाती है गैंग
शाहरुख ने आरोप लगाया कि जब उसे एहसास हुआ कि वह फंस चुका है तो उसने अरिशा के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।
उसे पता चला कि अरिशा कथित तौर पर एक गैंग चलाती है, जिसमें दो और युवक शामिल हैं। आरोप है कि यह गिरोह लड़कों को प्यार में फंसाकर उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो बनाता है और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे वसूलता है।
दो दोस्तों पर भी लगाए गंभीर आरोप
शाहरुख ने शिकायत में बताया कि अरिशा के साथ उसके दोस्त महमूद खां सराय निवासी अनस और शुऐब भी शामिल थे।
आरोप है कि तीनों मिलकर लगातार धमकियां देते रहे और झूठे मुकदमे में फंसाने व बदनाम करने की बात कहते रहे।
2023 में स्टाम्प पेपर पर हुआ था समझौता
शाहरुख के अनुसार 1 जुलाई 2023 को अरिशा और उसके साथियों के साथ एक स्टाम्प पेपर पर समझौता भी हुआ था, जिसे नोटरी कराया गया था।
उस समझौते में कथित तौर पर अरिशा ने यह स्वीकार किया था कि उसने शाहरुख के खिलाफ झूठे आरोप लगाए थे।
हालांकि युवक का कहना है कि इसके बावजूद अब फिर से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
मामले में थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर अरिशा सहित दो नामजद और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और पैसे वसूलने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।