Shocking News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी के जी टावर में 14 साल की छात्रा प्राची राजपूत 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हैरानी की बात यह है कि महज दो दिन पहले ही प्राची ने महाराष्ट्र के शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रस्सी कूद प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीते थे। परिवार में उसकी उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल था।
राजनगर रेजीडेंसी की 12वीं मंजिल से गिरी प्राची
घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे राजनगर एक्सटेंशन की राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी के जी टावर में हुई। प्राची राजपूत बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। परिवार के मुताबिक, इसी दौरान वह अचानक बालकनी से नीचे गिर गई।
आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे। घरवाले प्राची को गंभीर हालत में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीडीपीएस संजय नगर में कक्षा 9 में पढ़ती थी
प्राची की उम्र 14 साल थी और वह डीडीपीएस संजय नगर में कक्षा 9 की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ-साथ उसे खेल और संगीत में भी रुचि थी।
दो दिन पहले ही जीते थे दो गोल्ड मेडल
प्राची ने दो दिन पहले महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रस्सी कूद प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीते थे। उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में गोल्ड मेडल हासिल किया था।
मेडल जीतकर प्राची के घर लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन इसके महज दो दिन बाद उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
घर में माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी थे
हादसे के समय प्राची के घर में उसके माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी मौजूद थे। उसके पिता सुरेश चंद एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
परिवार के मुताबिक, प्राची बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गई। परिवार ने इसे हादसा बताया है, जबकि पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसा या आत्महत्या? पुलिस दोनों पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा बालकनी से नीचे गिरी थी। हालांकि, यह हादसा था या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).