लोक जागरण यात्रा लेकर हरदोई पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव

हरदोई: समाजवादी पार्टी की लोक जागरण यात्रा लेकर हरदोई पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि एमपी में जब कांग्रेस को गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को एक भी सीट नहीं देनी थी तो रात्रि 1:00 बजे तक पार्टी के लोगों को बिठाना बिल्कुल गलत था।
यूपी में डेंगू के प्रकोप को लेकर अखिलेश ने भाजपा पर किया ये कटाक्ष
हरदोई के शाहाबाद पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर पर सूबे की योगी सरकार पर व्यंग्यात्मक लहजे में कटाक्ष करते हुए कहा कि जो विश्व गुरु बनने की बात कर रहे हैं उनसे मच्छर नहीं संभल रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश में सीट शेयरिंग को लेकर उपजे विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा समाजवादी पार्टी ने में सबसे पहले अपना एकलौता विधायक देकर कांग्रेस की सरकार बनवाई थी। तब गवर्नर ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को बुलाया था। अखिलेश ने यह भी कहा कि जहां पर समाजवादी पार्टी नंबर एक और नंबर दो पर थी वही सीटें समाजवादी पार्टी ने मांगी थी। भाजपा द्वारा इंडिया गठबंधन टूटे जाने का प्रचार किए जाने पर सपा प्रमुख ने कहा भाजपा को यह कहने का मौका क्यों दिया गया ? इससे पूर्व अल्लाहपुर तिराहे पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत किया। बलाय कोर्ट स्थित आवास पर पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष नसरीन बानो ने अखिलेश यादव को बुकें और चित्र देकर स्वागत किया। उसके उपरान्त सपा की लोक जागरण यात्रा लेकर देर शाम हरदोई पहुंचे अखिलेश यादव ने वरिष्ठ सपा नेता पूर्व सांसद उषा वर्मा, एमएलसी राजपाल कश्यप, पूर्व विधायक अनिल वर्मा, पम्मू यादव के घर पर जाकर पार्टी और अन्य चुनावी रणनीति के बारे में जानकारी प्राप्त की। बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जिले में रात्रि विश्राम कर कल पार्टी के लोक जागरण अभियान प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।