कानपुर: विगत कई दिनों से विद्युत लोको शेड कानपुर में कार्यरत कर्मचारियों को इंजनों में लगे प्राइवेट फर्मों के तहत गारंटी पीरियड में खराब हो रहे सामानों को लेकर असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इन सामानों के फेल होने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बजाय कर्मचारियों को चार्जशीट दी जा रही है और उन पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है।

अधिकारियों और प्राइवेट फर्मों के मिलीभगत का आरोप
मामले को लेकर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ उच्च अधिकारियों और प्राइवेट फर्मों के बीच मिलीभगत के कारण फेल हो रहे सामानों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इन फर्मों को न तो नोटिस दिया जा रहा है और न ही उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।इसी के विरोध में आज कानपुर विद्युत लोको शेड में भोजन अवकाश के समय कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रयागराज मंडल के अध्यक्ष मानसिंह ने किया, जबकि शेड एवं टीसीएस के शाखा सचिव अजीत सिंह भी उपस्थित रहे।

प्रदर्शन में शाखा अध्यक्ष डीके गुप्ता, दीपक तिवारी, मंडल संगठन सचिव राकेश कुमार, डीके पटेल, कोमल सिंह, मोहम्मद जहीन, ऋतिक कुमार और योगेंद्र के साथ लगभग हजारों कर्मचारियों ने भाग लिया।कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं और दोषी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।