Crime News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड की सिर्फ इस बात पर बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने अपना वॉट्सऐप चैट दिखाने से इनकार कर दिया था। आरोपी ने पहले महिला का गला रेत दिया और फिर शव के कई हिस्से कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
सुबह वॉक पर निकले लोगों को पॉलीथिन से आई बदबू
रविवार सुबह करीब 6 बजे कुछ लोग वॉक पर निकले थे। इस दौरान सड़क किनारे झाड़ियों से तेज बदबू आने पर उन्हें शक हुआ। पास जाकर देखने पर एक काली पॉलीथिन दिखाई दी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पॉलीथिन खोलकर देखा तो उसके अंदर महिला का धड़ मिला। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास तलाशी अभियान शुरू किया तो करीब एक किलोमीटर दूर महिला के हाथ भी बरामद हुए।
शव के बाकी हिस्सों की तलाश के लिए बनाई गईं तीन टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव के अन्य हिस्सों की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
इसी बीच रविवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बाइक पर काली पॉलीथिन लेकर कहीं जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने की कोशिश की।
पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक जब आरोपी को लगा कि वह घिर चुका है तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा।
घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके पास से महिला के कटे हुए पैर, हत्या में इस्तेमाल गड़ासा, हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ।
महिला की पहचान वाराणसी की रेशमा खातून उर्फ सना के रूप में हुई
पुलिस जांच में मृतक महिला की पहचान वाराणसी की रहने वाली 38 वर्षीय रेशमा खातून उर्फ सना के रूप में हुई है। महिला के पति रहीम खान ने शव की पहचान कर ली है।
यह पूरी घटना जौनपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।
आरोपी गुजरात का रहने वाला, जौनपुर में किराए पर रहता था
मड़ियाहूं के सीओ विजय चौधरी के मुताबिक आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) पुत्र भूपेंद्र भाई खखरिया गुजरात के भावनगर जिले का रहने वाला है। वह मड़ियाहूं कस्बे की टीचर्स कॉलोनी में किराए पर रहकर एसी रिपेयरिंग का काम करता था।
दो महीने पहले हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र के गांव केवलीपुर निवासी रेशमा खातून उर्फ सना से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए थे।
आरोपी के अनुसार महिला ने नौकरी दिलाने की बात कही थी। इसके बाद उसने महिला को अपने पास बुलाया और करीब 18 हजार रुपए सैलरी वाली एक निजी कंपनी में नौकरी लगवा दी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे। हालांकि महिला बीच-बीच में अपने घर वाराणसी भी जाती रहती थी।
वॉट्सऐप चैट दिखाने से इनकार करने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई शनिवार की शाम आरोपी ने महिला से उसका मोबाइल मांगा और कहा कि वह उसका वॉट्सऐप चैट देखना चाहता है। लेकिन महिला ने फोन देने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और रात करीब 9 बजे आरोपी ने चाकू से महिला का गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद बाजार से गड़ासा और पॉलीथिन खरीदकर लाया
हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा। इसके लिए वह बाजार गया और गड़ासा तथा काली पॉलीथिन खरीदकर लाया।
उसने शव के कई हिस्से किए और रात के अंधेरे में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। एक हिस्सा करीब 2 किलोमीटर दूर रानीपुर बाईपास के पास फेंका गया जबकि दूसरा हिस्सा लगभग 4 किलोमीटर दूर रामनगर पुलिया के पास फेंका गया।
पुलिस को मिली जानकारी तो पैरों को ठिकाने लगाने निकला था आरोपी
आरोपी को जब पता चला कि पुलिस ने पहले से फेंके गए शव के हिस्से बरामद कर लिए हैं, तब वह रविवार रात महिला के पैर भी कहीं और ठिकाने लगाने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
महिला के तीन बच्चे हैं, पति से भी होगी पूछताछ
पुलिस के अनुसार मृतक महिला शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र 20 साल जबकि दो बेटियों की उम्र 19 और 14 साल बताई जा रही है।
सीओ विजय चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। मामले में महिला के पति से भी पूछताछ की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).