Viral Video: भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के बीच चल रहे घमासान के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पिज्जा डिलीवरी बॉय को कुछ युवक पीटते हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे यूथ कांग्रेस नेता अमन सिंह और उनके साथियों ने डिलीवरी बॉय के कपड़े उतारकर उसके साथ मारपीट की। युवक वीडियो में हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की गई। मामला 29 अगस्त की रात का बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू नगर का बताया जा रहा वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भिलाई के नेहरू नगर का बताया जा रहा है। इसमें यूथ कांग्रेस नेता और उनके कुछ साथी एक पिज्जा डिलीवरी बॉय को पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई देता है। इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट किए जाने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
दुर्ग के नेहरू नगर में पिज्जा डिलीवरी बॉय से मारपीट का आरोप लगा है। युवा कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रत्याशी अमन सिंह और साथियों पर बर्बरता के आरोप हैं। @DurgDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/ONqBnTjJqI
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) September 9, 2026
डिलीवरी बॉय ने इन लोगों पर लगाए आरोप
पिज्जा डिलीवरी बॉय ने मामले में राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवरी करने गया था।
डिलीवरी पूरी करने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक पर जाते हुए मिले।
रास्ते में गाली-गलौज का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चारों युवकों ने डिलीवरी बॉय को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 2:30 बजे डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका।
इसी दौरान चारों युवक वहां पहुंच गए। डिलीवरी बॉय ने जब उनसे गाली देने की वजह पूछी तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद चारों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
दोस्तों ने किया बीच-बचाव, उनके साथ भी मारपीट
मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन करके मौके पर बुलाया। दोनों ने वहां पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने डिलीवरी बॉय के दोस्तों के साथ भी मारपीट की। डर के कारण डिलीवरी बॉय और उसके दोनों दोस्त वहां से निकलकर डोमिनोज पिज्जा पहुंच गए।
डोमिनोज पहुंचकर भी मारपीट करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय और उसके दोस्त डोमिनोज पहुंच गए थे, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि वहां भी गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की गई।
इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर चोट लगने का आरोप है।
अमन सिंह पर भी मारपीट का आरोप
घटना के कुछ देर बाद नितिन का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि अमन सिंह ने भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
अमन सिंह अहिवारा के रहने वाले हैं और इससे पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के लिए यूथ कांग्रेस का चुनाव लड़ रहे हैं।
डोमिनोज के CCTV में कैद हुई घटना
पूरी घटना डोमिनोज में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। अब इसी घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच पहले भी हुआ था विवाद
भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर इससे पहले भी विवाद सामने आ चुका है। 5 सितंबर को खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच विवाद हुआ था।
किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते धक्का-मुक्की और झूमाझटकी में बदल गई थी। विवाद बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया था।
रॉबिन सिंह और अर्जुन शर्मा के गुट आमने-सामने
खुर्सीपार में हुआ विवाद भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़ा था। इस पद के लिए कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बेटे रॉबिन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
रॉबिन सिंह के प्रचार के सिलसिले में सुभ्रदा सिंह अपने दूसरे बेटे रोहन सिंह के साथ खुर्सीपार पहुंची थीं। वहीं, दूसरे गुट की ओर से विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अर्जुन शर्मा अपने भाई शुभम शर्मा के साथ वहां मौजूद थे।
रोहन और शुभम के बीच विवाद के बाद हुई झूमाझटकी
इसी दौरान शुभम शर्मा और रोहन सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के युवाओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी होने लगी।
विवाद के दौरान सामने आए वीडियो में एक युवक कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह के बारे में ‘गुंडागर्दी’ करने की बात कहता हुआ भी सुनाई दे रहा है।
चुनावी घमासान के बीच मारपीट के मामलों से बढ़ी चर्चा
भिलाई में यूथ कांग्रेस के अलग-अलग पदों के लिए चुनावी गतिविधियों के बीच सामने आए इन विवादों ने संगठन के भीतर चल रही खींचतान को चर्चा में ला दिया है।
एक तरफ खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों के बीच विवाद का मामला सामने आया, वहीं अब डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने से मामला फिर सुर्खियों में है। फिलहाल सुपेला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).