Haryanvi Dancer Dimple Chaudhary: हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और बुलंदशहर बॉर्डर इलाके में कथित हमले का मामला सामने आया है। डिंपल ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार पर हमला कर दिया और डंडे से कार का फ्रंट शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद डिंपल का रोते हुए एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बेहद भावुक नजर आ रही हैं और घटना को लेकर नाराजगी जाहिर कर रही हैं।
रोते हुए वीडियो में बोलीं- ‘मेरी गाड़ी का ये हाल कर दिया’
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डिंपल चौधरी रोते हुए कहती दिखाई दे रही हैं,
“बेशर्मी की भी एक हद होती है। मैं अपनी बहन के घर जा रही थी। मेरी गाड़ी का ये हाल कर दिया।”
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया।
डिंपल बोलीं- हमले के बाद मैं बेसुध हो गई
डिंपल चौधरी ने बातचीत में बताया कि हमले के बाद वह काफी डर गई थीं और उनकी हालत बिगड़ गई थी।
उनके मुताबिक,
“हमले के बाद मैं काफी घबरा गई थी। मैं बेसुध हो गई थी, जिसके बाद मुझे अस्पताल ले जाना पड़ा। पहले भी मुझे धमकी मिली थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। क्या पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है?”
उन्होंने कहा कि जल्द ही वह पूरे मामले की औपचारिक शिकायत पुलिस से करेंगी।
रात 11:30 बजे बाइक सवारों ने किया हमला
डिंपल ने बताया कि सोमवार को वह अपने छोटे भाई के साथ बुलंदशहर के सिकंदरा इलाके में अपनी छोटी बहन के घर जा रही थीं।
रास्ते में एक सीएनजी पंप पर उनकी कार रुकी, जहां उनके भाई ने कोल्ड ड्रिंक और चिप्स खरीदे। इसी दौरान वह अपनी एक दोस्त से फोन पर बात कर रही थीं।
रात करीब 11:30 बजे बाइक पर आए दो लोगों ने उनकी ब्रेजा कार को निशाना बनाया और डंडे से कार पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
View this post on Instagram
भाई अस्पताल लेकर पहुंचा, बहन के घर नहीं गईं
डिंपल ने बताया कि घटना के समय कार ड्राइवर चला रहा था। हमले के बाद उनके भाई और ड्राइवर ने उन्हें वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह इतनी डर गई थीं कि अपनी बहन के घर भी नहीं गईं और सीधे अपने घर लौट आईं।
‘मेरे पास न बॉडीगार्ड था, न कोई हथियार’
डिंपल ने आरोप लगाया कि घटना के समय उनके साथ कोई बॉडीगार्ड नहीं था और कार में किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी।
उन्होंने कहा,
“हमलावर चाहें तो मुझे जान से भी मार सकते थे।”
पहले भी मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी
डिंपल चौधरी ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी।
उनके अनुसार, शिकायत के समय पुलिस ने आरोपी से फोन पर बात भी की थी, लेकिन बाद में उन्हें करीब दो घंटे थाने में बैठाए रखा गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई।
‘मैं चंबल का डॉन हूं’, धमकी देने वाले ने किया था दावा
डिंपल चौधरी के मुताबिक 18 जून को भी उन्हें धमकी भरा फोन आया था।
आरोपी ने खुद को “चंबल का डॉन” बताया था और कथित तौर पर कहा था:
“घर से उठाऊंगा, घर से AK-47 निकलेगी।”
डिंपल ने इस कॉल से जुड़ी ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की थी।
पुलिस ने क्या कहा
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला बुलंदशहर का नहीं बल्कि ग्रेटर नोएडा के अल्फा थाना क्षेत्र का निकला है।
उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया होने की वजह से भ्रम की स्थिति बनी और अब पूरे मामले की जांच ग्रेटर नोएडा पुलिस कर रही है।