Video: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की महिला प्रिंसिपल चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंच गईं। उन्होंने बच्चों के सामने धारदार हथियार लहराए और विरोध करने पर कहा कि अगर कोई उन्हें गाली देगा तो वह “मारेंगी नहीं, काट डालेंगी”। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस हरकत में आ गए। करीब छह घंटे के भीतर बीएसए ने महिला प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया। अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
सरकारी स्कूल में चाकू और चापड़ लेकर पहुंची प्रिंसिपल
यह मामला जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर कड़ा ब्लॉक के लुकिया प्राथमिक विद्यालय का है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे महिला प्रिंसिपल शिखा सिंह एक हाथ में बैग और दूसरे हाथ में चाकू लेकर स्कूल पहुंचीं। स्कूल परिसर में उन्होंने बच्चों के सामने धारदार हथियार लहराए, जिससे छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई।
कौशांबी। कक्षा में चाकू-चापड़ लहराने का शिक्षिका का वीडियो वायरल। बच्चों और स्कूल स्टाफ में दहशत, अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता। कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय लुकिया का बताया जा रहा है मामला। @CMOfficeUP @basicshiksha_up @BsaKaushambi @deo__kaushambi @kaushambipolice pic.twitter.com/86CoBo5ZiT
— RAMKISHAN PATEL (APN NEWS KAUSHAMBI) (@ramkeshanpatel) July 17, 2026
बच्चों ने डर के कारण स्कूल आना किया बंद
एक छात्र के पिता ने बताया कि उनका बेटा घर लौटकर बोला कि वह अब स्कूल नहीं जाएगा, क्योंकि मैडम चाकू लेकर आती हैं और बच्चों को डराती हैं। शुरुआत में उन्हें बेटे की बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन अगले दिन जब बेटा स्कूल जाने से रोने लगा तो वह खुद सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल पहुंचे।
अभिभावक का दावा है कि पिछले पांच दिनों से महिला प्रिंसिपल इसी तरह हथियार लेकर स्कूल आ रही थीं, जिसके कारण कई बच्चों ने स्कूल आना छोड़ दिया।
वीडियो बनाते ही भड़क गईं प्रिंसिपल
जब अभिभावक ने महिला प्रिंसिपल को चाकू लेकर स्कूल आते देखा तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। वीडियो बनने की जानकारी मिलते ही प्रिंसिपल नाराज हो गईं।
उन्होंने कहा कि वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं और यदि कोई उन्हें गाली देगा तो वह उसे “मारेंगी नहीं, काट डालेंगी”। उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले 13 साल से सब कुछ सह रही हैं।
पुलिस और शिक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर जब्त किए हथियार
वीडियो सामने आने के बाद सुबह करीब 9 बजे खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नीरज उमराव, कड़ा के सीओ सत्येंद्र तिवारी और महिला पुलिसकर्मी स्कूल पहुंचे। पुलिस ने महिला प्रिंसिपल के पास से चाकू और चापड़ जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान भी महिला प्रिंसिपल ने कहा कि वह स्कूल में सुरक्षित नहीं हैं और यदि कोई उन्हें गाली देगा तो वह उसे नहीं छोड़ेंगी।
अभिभावक और प्रिंसिपल के बीच हुई तीखी बहस
अभिभावक ने पूछा कि स्कूल में चाकू-चापड़ लेकर आना कैसे सही हो सकता है। इस पर महिला प्रिंसिपल ने जवाब दिया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए हथियार लेकर आती हैं।
जब उनसे पूछा गया कि उन्हें किससे खतरा है, तो उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार कर दिया और कहा कि अगर नाम बता देंगी तो फिर चाकू लाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
रास्ते में भी अभिभावकों को चाकू दिखाने का आरोप
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्कूल आते समय भी महिला प्रिंसिपल ने रास्ते में दो अभिभावकों को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की थी। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।
पति बोले- पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
महिला प्रिंसिपल के पति ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को सूचना मिलने के बाद वे उन्हें अपने साथ ले जाएंगे।
BSA ने किया सस्पेंड, एफआईआर की तैयारी
बीएसए कमलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि महिला प्रिंसिपल शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस और शिक्षा विभाग कर रहे मामले की जांच
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। स्कूल के अन्य शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).