UP Double Murder: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मंगलवार रात पैसों के लेन-देन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में दो पक्षों के बीच पहले सड़क पर कहासुनी हुई, फिर करीब 15 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग चली। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से लगभग 20 से 22 राउंड गोलियां चलीं। घटना में सोनू (42) और अजब सिंह (48) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और PAC तैनात कर दी गई है।
पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, निजामपुर गांव निवासी सोनू पुत्र सुनील और अजब सिंह ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे। दोनों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चला आ रहा था।
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सोनू अपने साथियों प्रशांत और सत्तू के साथ स्विफ्ट कार से गांव लौट रहा था। उसी समय अजब सिंह अपने साथियों उत्तम और रतन के साथ स्कॉर्पियो से वापस आ रहा था।
सड़क पर आमना-सामना होते ही शुरू हुई कहासुनी
गांव से करीब 2 किलोमीटर पहले दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार करीब 15 मिनट तक लगातार फायरिंग होती रही और इस दौरान 20 से 22 राउंड गोलियां चलीं।
दोनों पक्षों के लोगों को लगी गोली, दो की मौत
फायरिंग के दौरान सोनू और अजब सिंह के सीने में गोली लगी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
वहीं, रतन और अरविंद के पैर में भी गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।
एक को कार से कुचला, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद अजब सिंह के साथी उत्तम और रतन उन्हें स्कॉर्पियो में बैठाकर अस्पताल ले जाने लगे।
इसी दौरान सड़क पर घायल पड़े सोनू के ऊपर कार चढ़ा दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, अजब सिंह को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
गांव में तनाव, भारी पुलिस और PAC तैनात
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पूरे गांव में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ PAC भी तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
देर रात मौके पर पहुंचे ADG और DIG
घटना की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 1:30 बजे ADG मेरठ जोन भानु भास्कर और DIG कलानिधि नैथानी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ सोनू का अंतिम संस्कार
मृतक सोनू के परिवार में उनके पिता यादराम, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।
बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद सोनू का शव गांव लाया गया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कराया।
इस दौरान केवल परिवार के 10 से 15 लोगों को ही अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी गई। बाकी ग्रामीणों को पुलिस ने वहां जाने से रोक दिया।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना पैसों के लेन-देन को लेकर हुई है।
उन्होंने कहा कि दोनों गुटों के शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि घायलों से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग किसने पहले शुरू की, कार किस परिस्थिति में चढ़ाई गई और विवाद की असली वजह क्या थी, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
I have started working as a crime reporter in 2011 for a daily local newspaper named ‘Khusro Mail’. I have also worked for many news organization such as Public Vibe app and Oneindia Hindi news portal. Now I am working as Editor In Chief for Rocket Post Bharat (rocketpostbharat.com).